उत्तराखंड के चमोली जिले में 30 अक्टूबर 2026 को बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर VT-HCX जोशीमठ के पास चाई गांव-हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इसमें दिल्ली के रहने वाले पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल समेत पांच कर्नाटक के यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें बेंगलुरु पुलिस के इंस्पेक्टर अरुण सालुंके भी शामिल थे। ऑरेंज अलर्ट और खराब मौसम के बीच उड़ान भरने वाला यह विमान संपर्क टूटने के तुरंत बाद पहाड़ी से टकराया। यह हादसा चारधाम क्षेत्र में हो रहे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की श्रृंखला का हिस्सा है और पहाड़ी उड़ानों की मूलभूत कमजोरियों को उजागर करता है। पहाड़ों में हेलीकॉप्टर उड़ानें स्वाभाविक रूप से जोखिम भरी होती हैं। संकरी घाटियां, अचानक बदलता मौसम, घना बादल, तेज हवाएं और ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी पायलट के निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करती है। चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवाएं लोकप्रिय हो गई हैं क्योंकि वे तीर्थयात्रियों को कठिन पैदल यात्रा से बचाती हैं। लेकिन यह सुविधा सुरक्षा के मूल्य पर आ रही है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के आंकड़ों के अनुसार 2015 से 2025 के बीच चारधाम सेक्टर में आठ दुर्घटनाएं और एक गंभीर घटना हुईं, जिनमें से पांच घातक थीं। इनमें से अधिकांश का कारण मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पालन न करना, खराब मौसम में निर्णय लेना और ऊंचाई संबंधी चुनौतियां थीं। 2025 में ही कई हादसे हुए, जिनमें गौरीकुंड और उत्तराकाशी के क्रैश प्रमुख हैं। जोशीमठ हादसे के संभावित कारणों में मौसम सबसे अहम माना जा सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने चमोली में तूफान, बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। उड़ान भरते समय स्थानीय मौसम भले ही साफ रहा होगा, लेकिन घाटी में बादल और वर्षा अचानक छा गए होंगे। पहाड़ी उड़ानों में नियंत्रित उड़ान में भू-भाग से टकराना (CFIT) एक सामान्य कारण होता है, जब पायलट दृश्यता खोकर गलत दिशा में चला जाता है। अन्य संभावित कारणों में पायलट का अनुभव, विमान की रखरखाव स्थिति या ऑपरेटर द्वारा जल्दबाजी में उड़ान भरने का दबाव शामिल हो सकता है। एएआईबी जांच में उपलब्ध उपकरणों की जांच करेगा (हेलीकॉप्टर में आमतौर पर ब्लैक बॉक्स नहीं होता), पायलट का उड़ान इतिहास, रखरखाव रिकॉर्ड और चारधाम संबंधी डीजीसीए नियमों का अनुपालन देखा जाएगा। जांच में दोषी कौन साबित होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं। एएआईबी का उद्देश्य दोषारोपण नहीं, बल्कि कारण पता कर भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। फिर भी व्यावहारिक रूप से पायलट की निर्णय लेने की गलती, ऑपरेटर की नियामकीय लापरवाही या दोनों सामने आ सकते हैं। फ़िलहाल उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े को एहतियातन ग्राउंड कर दिया है। पूर्व में इस कंपनी के पायलटों के लाइसेंस खराब मौसम में उड़ान भरने पर निलंबित हो चुके हैं और आपातकालीन लैंडिंग की घटनाएं भी रही हैं। यदि जांच में SOP उल्लंघन या मुनाफ़े के दबाव में उड़ान साबित हुई, तो ऑपरेटर और संबंधित प्रबंधन जिम्मेदार ठहराए जा सकते हैं। भारत में निजी हेलीकॉप्टर ऑपरेटर चारधाम जैसे क्षेत्रों में नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए देखे गए हैं। एएआईबी पुरानी रिपोर्टों में स्पष्ट हुआ है कि अधिकांश हादसे SOP का पालन न करने से हुए। फर्जी फ्लाइट लॉग, पायलटों के ड्यूटी घंटों की अनदेखी, खराब मौसम में उड़ान और अतिरिक्त यात्राओं के लिए नकद लेन-देन जैसी शिकायतें आम रही हैं। 2025 के गौरीकुंड क्रैश में आर्यन एविएशन पर SOP उल्लंघन का आरोप लगा और उसके संचालन निलंबित किए गए। डीजीसीए ने कई बार ऑडिट किए, जुर्माने लगाए और कुछ ऑपरेटरों को अस्थायी रूप से रोका, लेकिन ये कदम अधिकतर हादसों के बाद प्रतिक्रियात्मक रहे हैं। मुनाफे की होड़ में यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए नियमों को ताक पर रखा जाता है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए इस मामले में ढीले साबित हो रहे हैं क्योंकि नियामक ढांचा काफ़ी हद तक खंडित है। डीजीसीए राष्ट्रीय स्तर पर लाइसेंसिंग और नियम बनाने वाला निकाय है, जबकि उत्तराखंड में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण दैनिक समन्वय संभालता है। गौरतलब है कि संसदीय स्थायी समिति ने भी इस क्षेत्राधिकारिक अस्पष्टता को रेखांकित किया है कि डीजीसीए निरंतर और सक्रिय पर्यवेक्षण नहीं करता। पर्वतीय उड़ानों के लिए पर्याप्त हिल-फ्लाइंग अनुभव, मौसम निगरानी और आपातकालीन लैंडिंग स्थलों की कमी बनी हुई है। एएआईबी ने 50 घंटे की पर्यवेक्षित हिल उड़ान की सिफारिश की है, लेकिन इसका क्रियान्वयन कमजोर रहा है। परिणाम यह है कि हादसे होते रहते हैं और केवल अस्थायी ग्राउंडिंग या सर्कुलर जारी करके मामला ठंडा कर दिया जाता है। निजी चॉपर ऑपरेटरों द्वारा केवल मुनाफे के बारे में सोचना और यात्रियों की सुरक्षा के साथ समझौता करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं। चारधाम यात्रा आध्यात्मिक है, लेकिन यह व्यावसायिक अवसर भी बन गई है। जब ऑपरेटर खराब मौसम की चेतावनी के बावजूद उड़ान भरते हैं या पायलटों पर अतिरिक्त सॉर्टी का दबाव डालते हैं, तो वे जानबूझकर जोखिम बढ़ा रहे होते हैं। यात्रियों को ‘तीर्थ यात्रा’ का आकर्षण दिखाकर महंगे टिकट बेचे जाते हैं, लेकिन उनके जीवन की कीमत मुनाफे के आगे नहीं आंकी जाती। सुरक्षा एक समझौता नहीं, अनिवार्य शर्त होनी चाहिए। जोशीमठ हादसा एक और चेतावनी है। एएआईबी की विस्तृत रिपोर्ट आने तक निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी, लेकिन पैटर्न साफ है। पहाड़ी उड़ानों के लिए सख्त मौसम प्रोटोकॉल, अनुभवी पायलटों की अनिवार्य शर्त, रियल-टाइम निगरानी और प्रभावी दंड व्यवस्था जरूरी है। मंत्रालय और डीजीसीए को प्रतिक्रियात्मक रवैये से हटकर सक्रिय नियामक बनना होगा। अन्यथा मुनाफे की ये उड़ानें और जानें लेती रहेंगी। यात्रा की सुविधा महत्वपूर्ण है, लेकिन वह जीवन की कीमत पर नहीं हो सकती। -रजनीश कपूर -लेखक दिल्ली स्थित कालचक्र समाचार ब्यूरो के संपादक हैं।


Follow Us
About Us | Contact Us | Advertise with Us | Terms of Use | Feedback | Cookie Policy | Privacy policy

Copyright @2020 The Sun Express

Designed & Developed By AY Goaltech Infotech Private Limited